हरियाणा के पानीपत में सड़क किनारे खंभे पर मिला जासूसी कैमरा, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा के पानीपत में सड़क किनारे खंभे पर मिला जासूसी कैमरा, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप


पानीपत, 12 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के पानीपत जिले में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मुख्य सड़क के किनारे बिजली के खंभे पर गुप्त तरीके से लगाया गया जासूसी कैमरा बरामद हुआ। जाटल रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मिले इस आधुनिक उपकरण ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

कैमरा मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पुलिस अधिकारियों की तुरंत आपातकालीन बैठक बुलाई, जिसमें शहर की सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई। अब पुलिस की टीमें इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि कैमरा कब लगाया गया था।

थाना मॉडल टाउन प्रभारी जगमिंदर ने बताया कि जाटल रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास गुप्त कैमरे का पता तब चला जब मॉडल टाउन थाने में तैनात एक मुलाजिम की नजर इस कैमरे पर पड़ी तो उस मुलाजिम ने इस कैमरे की बाबत वहां के दुकानदारों पूछताछ की लेकिन सभी ने अनभिज्ञता जाहिर की तब इसकी गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया।

मौके पर पुलिस बल के साथ तकनीकी विशेषज्ञों और इंजीनियरों की एक टीम भेजी गई। इंजीनियरों की मदद से पुलिस ने बहुत ही सावधानी पूर्वक कैमरे को उस स्थान से निकाला और सभी उपकरणों सहित कब्जे में कर लिया है। साथ ही इसकी विस्तृत जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है।

उन्हाेंने बताया कि प्रारंभिक जांच में जिस तरह से कैमरे को फिट किया गया था, वह किसी गहरी साजिश या जासूसी की ओर इशारा कर रहा है। तथा कैमरा लगाने के पीछे का कारण चौंकाने वाला हो सकता है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या इसका इस्तेमाल किसी विशेष व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए किया जा रहा था या इसके पीछे कोई और आपराधिक मंशा थी।

थाना प्रभारी जगमिंदर का कहना है कि कैमरे की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि इसमें डेटा कैसे स्टोर हो रहा था या इसे कहीं दूर से ऑपरेट किया जा रहा था। दोषियों की पहचान भी जल्द कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञात हो कि करीब 11 माह पहले पानीपत से पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले युवक नोमान इलाही निवासी हाली कॉलोनी को गिरफ्तार किया था। जो पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story