हंगामे की भेंट चढ़ी सदन में पहले दिन की कार्यवाही
सदन में ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे गूंजे एचकेआरएन, कानून व्यवस्था, पेपर लीक और चंदा चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन
चंडीगढ़, 27 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। विधानसभा गेट पर कांग्रेस विधायकों के साथ धक्का-मुक्की से शुरू हुआ विवाद सदन के भीतर वीडियो फुटेज, स्पीकर की निष्पक्षता और 1984 के सिख दंगों तक पहुंच गया। कांग्रेस विधायकों की लगातार नारेबाजी और हंगामे पर स्पीकर एक्शन लेते हुए 8 विधायकों को नेम कर दिया। इसके विरोध में कांग्रेस ने वाकआउट किया।
हरियाणा विधानसभा के मानूसन सत्र के पहले दिन स्पीकर हरविंद्र कल्याण और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच तीखी नोक-झोक हुई। नेता प्रतिपक्ष ने धक्का-मुक्का का मुद्दा उठाया तो स्पीकर ने विपक्ष को चैंबर में वीडियो फुटेज देखने का न्योता दिया, लेकिन कांग्रेस की ओर से कोई सदस्य वहां नहीं पहुंचा। मंत्री अनिल विज ने वीडियो सदन में चलाने की मांग की, जिसे स्पीकर ने नियमों का हवाला देते हुए स्वीकार नहीं किया। इसके बाद कांग्रेस विधायक वेल में डटे रहे।
कांग्रेस के आठ विधायकों को नेम किए जाने का डॉ. रघुबीर सिंह कादियान ने विरोध किया। हुड्डा ने भी उनका समर्थन किया और कांग्रेस ने विधायकों को बाहर किए जाने के फैसले पर सवाल उठाए। इस दौरान कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री से माफी मांगने की मांग भी उठाई गई। हंगामा उस समय भी जारी रहा जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इनेलो विधायकों आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला की ओर से कानून व्यवस्था से संबंधित ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के हंगामे के बीच अपना जवाब जारी रखा और कांग्रेस पर लगातार पलटवार किया। अंततः कांग्रेस विधायकों ने अपना विरोध दर्ज करवाते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।
हंगामे के दौरान स्पीकर और हुड्डा के बीच तीखी बहस हुई। स्पीकर ने चेयर पर की गई टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वह इससे आहत हैं और पिछले दो वर्षों से हाउस के कस्टोडियन के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने विपक्ष से दोबारा अपने चैंबर में आकर वीडियो देखने की अपील की और कहा कि सदन में वीडियो चलाने के भी नियम हैं। लेकिन कांग्रेस विधायक मानने को तैयार नहीं हुए। विधायक आफताब अहमद को भी स्पीकर ने चेतावनी दी। इसके बाद सदन में मार्शलों ने मोर्चा संभाल लिया। पहले विधायकों से बाहर जाने का आग्रह किया गया, लेकिन जब वे नारेबाजी करते हुए वेल में डटे रहे तो मार्शलों ने उन्हें पकड़कर बाहर निकालना शुरू कर दिया। सदन में ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे भी गूंजे। मानसून सत्र के पहले दिन का घटनाक्रम इस बात का संकेत दे गया कि आने वाले दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो सकता है।
कांग्रेस विधायक हाईकोर्ट चौक से विधानसभा गेट तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर एचकेआरएन, कानून व्यवस्था, पेपर लीक और चंदा चोरी जैसे मुद्दे लिखे थे। विधानसभा के मुख्य गेट पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। नियमों के तहत विधानसभा परिसर में तख्तियां लेकर प्रवेश की अनुमति नहीं है। इसी दौरान कांग्रेस विधायकों और सुरक्षा कर्मियों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान बादली विधायक कुलदीप वत्स के हाथों में हल्की चोट लगने की बात सामने आई। हुड्डा की शर्ट की जेब भी फट गई। बाद में कांग्रेस विधायकों ने तख्तियां छोड़ दीं और नारेबाजी करते हुए विधानसभा परिसर में प्रवेश किया। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि विरोध दर्ज कराने के नाम पर विधायक तख्तियों और बैनरों के साथ विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं कर सकते।
विधानसभा में विवाद के बीच भूपेंद्र सिंह हुड्डा से जुड़े दो वीडियो भी सामने आए। एक वीडियो में पुलिसकर्मी द्वारा हुड्डा के सिर पर हाथ मारते हुए दिखाई देने का दावा किया गया। वहीं दूसरे वीडियो में विधानसभा के बाहर प्रदर्शन के दौरान हुड्डा एक पुलिसकर्मी को कोहनी मारते हुए नजर आते हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें रोकने का प्रयास करता दिखता है। इन वीडियो के सामने आने के बाद विधानसभा में आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए। विपक्ष ने पुलिस के व्यवहार को मुद्दा बनाया तो सत्ता पक्ष की ओर से विपक्ष के आचरण पर सवाल खड़े किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

