सोनीपत: हजारों लीटर सोया तेल चोरी का आरोपी उत्तर प्रदेश निवासी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

सोनीपत, 31 मई (हि.स.)। सोनीपत

की अपराध शाखा गन्नौर ने तेल टैंकर से हजारों लीटर सोया तेल चोरी के मामले में एक और

आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के चमरूपुर शुक्लन

निवासी शाकिर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड

पर लिया है।

मामला

31 अगस्त 2024 का है। जींद के श्यामनगर निवासी ट्रांसपोर्टर रामप्रकाश ने थाना एचएसआईआईडीसी

बड़ी में शिकायत दी थी कि उनका टैंकर गुजरात के कांडला से सोया तेल लेकर करनाल के लिए

रवाना हुआ था। टैंकर चालक मकसूद था। निर्धारित समय पर टैंकर के करनाल नहीं पहुंचने

पर उसकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि भिगान टोल पार करने के बाद टैंकर

बड़ी काली माता मंदिर के पास स्थित शिव गंगा ढाबे के निकट लावारिस अवस्था में खड़ा

मिला। टैंकर की सील टूटी हुई थी।

धर्म कांटे पर वजन कराने पर उसमें 24,470 किलोग्राम

तेल मिला, जबकि गुजरात से 43,850 किलोग्राम तेल लोड किया गया था। इस प्रकार करीब

19,380 किलोग्राम सोया तेल गायब पाया गया। शिकायत के आधार पर थाना एचएसआईआईडीसी बड़ी

में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच अपराध

शाखा गन्नौर को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मकसूद और उसके भाई फरमूद

को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब पुलिस

ने इस मामले में तीसरे आरोपी शाकिर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि

रिमांड के दौरान चोरी किए गए तेल तथा घटना में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी के प्रयास

किए जाएंगे। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story