सोनीपत में 6.5 लाख की अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार, चालक फरार
सोनीपत, 30 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार की देर रात पिकअप वाहन से करीब 6.50 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना खरखौदा की टीम निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में खांडा रोड बाईपास पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव
चौलका के शराब ठेके के पास एक गाड़ी में अवैध शराब भरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस
टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी। गांव चौलका में ठेके के सामने खड़ी गाड़ी मिली।
गाड़ी
के पास खड़े दो युवकों ने अपनी पहचान मटिंडू निवासी अजय और रोहतक निवासी रोहतक के रूप
में बताई। गाड़ी की बॉडी पर ताला लगा था और दोनों युवक चाबी के बारे में संतोषजनक जवाब
नहीं दे सके। इसी बीच चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत आबकारी
विभाग के निरीक्षक अश्वनी को मौके पर बुलाकर जांच करवाई। जांच में गाड़ी से 180 पेटी
शराब बरामद हुई, जिनमें संतरा, नाइट ब्लू और रेस-7 ब्रांड शामिल हैं। आबकारी विभाग
की जांच में शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज, लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। इसके
बाद पूरी खेप को अवैध घोषित किया गया। पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड की शराब के सैंपल लेकर
सील किए और बाकी शराब को गाड़ी सहित कब्जे में ले लिया।
पुलिस
ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना खरखौदा में मामला दर्ज
किया गया है। मामले की आगे की जांच उप निरीक्षक दिनेश को सौंपी गई है। फरार चालक की
तलाश जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध शराब के पीछे कौन सा गिरोह
सक्रिय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

