सोनीपत में 15 दिन के अभियान में 58 आरोपी गिरफ्तार, 47 हथियार बरामद

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत में 15 दिन के अभियान में 58 आरोपी गिरफ्तार, 47 हथियार बरामद


सोनीपत, 17 जून (हि.स.)। सोनीपत

पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए

58 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के नेतृत्व में एक जून से

15 जून 2026 तक चलाए गए पंद्रह दिवसीय अभियान के दौरान अवैध हथियारों की तस्करी और

खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की गई।

अपर

पुलिस उपायुक्त (अपराध) नरेंद्र कादयान ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 47 मुकदमे

दर्ज किए गए। गिरफ्तार किए गए 58 आरोपियों के कब्जे से 46 देसी पिस्तौल, एक रिवॉल्वर,

दो मैगजीन और 102 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही

है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाए गए और उनका इस्तेमाल किन आपराधिक

घटनाओं में किया जाना था। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में

से 14 आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी

और शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

उन्होंने

लोगों से अपील की कि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

यदि किसी को अवैध हथियारों की तस्करी या निर्माण से संबंधित कोई जानकारी मिले तो तुरंत

पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस

आयुक्त ने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को अपराध से दूर रखने और सकारात्मक दिशा में

आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त

सोनीपत के लक्ष्य को लेकर जिला पुलिस कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए पूरी तरह

प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story