सोनीपत में बेटी की शादी से इनकार पर मां की हत्या, करंट लगाने का रचा नाटक
सोनीपत, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सोनीपत
के सेक्टर-15 में बेटी की शादी के लिए तैयार नहीं होने पर मां की कथित तौर पर गला दबाकर
हत्या कर दी गई। हत्या के बाद वारदात को बिजली का करंट लगने से हुई मौत दिखाने के लिए
महिला के हाथ पर करंट लगाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण मुंह और गला
दबाने से दम घुटना सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने महिला की बेटी जानवी
और उसके दोस्त विशाल के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
विशाल
को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस
के अनुसार रामेश्वरी अपनी इकलौती बेटी जानवी और उसके दोस्त विशाल के साथ सेक्टर-15
के मकान नंबर 3381 में किराये पर रह रही थी। तीन अक्तूबर को बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज
अस्पताल, खानपुर से पुलिस को सूचना मिली कि रामेश्वरी की करंट लगने से मौत हो गई है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय जानवी, विशाल समेत अन्य लोग वहां मौजूद थे।
पुलिस
के मुताबिक जानवी अपनी मां का पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कह रही थी। समझाने पर
वह केवल बाएं हाथ का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुई। हालांकि समय अधिक होने के
कारण उस दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका और शव को शवगृह के फ्रीजर में रखवा दिया गया। चार अक्तूबर को पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सक ने मामला संदिग्ध बताया। बाद में आई
रिपोर्ट में मौत का कारण मुंह और गला दबाने से दम घुटना बताया गया। रासायनिक जांच के
लिए विसरा भी सुरक्षित रखा गया है।
इसके
बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच कराई और एफएसएल टीम को बुलाया। टीम की मौजूदगी में कमरे
से खून से सनी डबल बेड की चादर और काले रंग का एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया गया। पुलिस
ने अन्य सामग्री भी कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर ली।
पुलिस
का दावा है कि पूछताछ में विशाल ने वारदात का खुलासा किया। उसके अनुसार वह और जानवी
एक-दूसरे से प्रेम करते थे और रामेश्वरी दोनों की शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात
को लेकर दोनों ने हत्या की योजना बनाई। तीन अक्तूबर सुबह करीब साढ़े पांच बजे रामेश्वरी
के सोते समय विशाल ने कथित तौर पर उसका मुंह और गला दबा दिया। मौत के बाद एक्सटेंशन
बोर्ड के तार में कट लगाकर उसके बाएं हाथ पर करंट लगाया गया, ताकि मामला बिजली का झटका
लगने से मौत का लगे।
सेक्टर-27
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सवित ने बताया कि पहले करंट लगने से मौत की सूचना मिली थी।
पोस्टमार्टम में हत्या का खुलासा हुआ, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को
हिरासत में लिया गया है और अदालत से रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

