सोनीपत पुलिस ने गांव बरोदा और घड़वाल में चलाया विशेष जांच अभियान
सोनीपत, 14 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत जिले में अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर
शिकंजा कसने के लिए सोनीपत पुलिस ने गोहाना क्षेत्र के गांव बरोदा और घड़वाल में विशेष
कॉम्बिंग अभियान शनिवार को चलाया। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त गोहाना
विक्रांत भूषण के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों
की जांच की। अभियान के दौरान स्निफर डॉग की भी मदद ली गई।
पुलिस टीमों ने दोनों गांवों के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर
सघन जांच की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान नशाखोरी और नशे से जुड़ी
गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे किराएदारों की
पहचान करने पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की
भी जांच की। अभियान में सहायक पुलिस आयुक्त गोहाना राजीव कुमार और थाना
बरोदा प्रभारी उप निरीक्षक कृष्ण कुमार पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों की
निगरानी में पुलिस कर्मचारियों ने निर्धारित क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की। स्निफर
डॉग की सहायता से भी संदिग्ध स्थानों की जांच की गई, ताकि अभियान को अधिक प्रभावी बनाया
जा सके। पुलिस का कहना है कि नशाखोरी पर रोक लगाने और आपराधिक गतिविधियों
में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए ऐसे अभियान जरूरी हैं। इसके साथ ही किराएदारों
का पुलिस सत्यापन भी अपराधों की रोकथाम में अहम भूमिका निभाता है।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण
और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने मकान मालिकों
से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले प्रत्येक किराएदार का पुलिस सत्यापन जरूर
करवाएं। बिना सत्यापन किसी को किराए पर रखने से सुरक्षा संबंधी परेशानी हो सकती है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे के कारोबार या नशाखोरी
से जुड़ी किसी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति
या गतिविधि की जानकारी मिलने पर भी पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों के अनुसार जिले
में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना
मजबूत करने के लिए इस तरह के कॉम्बिंग और जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

