सोनीपत: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह: कविता जैन
- नारी शक्ति वंदन अधिनियम का लाइव
प्रसारण सुना महिला मोर्चा ने
सोनीपत, 13 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश
की पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने सोमवार को कहा कि नारी शक्ति वंदन
अधिनियम 2023 महिलाओं को लाभार्थी से नीति निर्माता बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण
और सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाली है
और इसके लिए देश की महिलाएं प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त कर रही हैं।
उन्होंने
कहा कि महिला सशक्तिकरण अब केवल समानता या प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नेतृत्व
में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना समय की मांग बन चुका है। उन्होंने बताया कि
लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग दशकों से लंबित थी, जिसे मजबूत राजनीतिक
इच्छाशक्ति के साथ साकार किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि संशोधित रूप में प्रस्तुत
होने के बाद वर्ष 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी
सुनिश्चित होगी।
उन्होंने
महिला कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ,
उज्ज्वला योजना, हर घर शौचालय, ड्रोन दीदी और स्वयं सहायता समूहों को तैयार माल की
बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध कराने जैसे कदम महिलाओं के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला रहे
हैं। उनका कहना था कि जहां महिलाओं को शासन और नेतृत्व का अवसर मिला है, वहां अर्थव्यवस्था
मजबूत हुई है। महिलाओं ने अंतरिक्ष, खेल, सशस्त्र बलों और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों
में अपनी क्षमता सिद्ध की है। उन्होंने 15 से 18 अप्रैल तक आयोजित नारी वंदन कार्यक्रमों
में अधिक भागीदारी और मिस्ड कॉल के माध्यम से समर्थन की अपील की।
गोहाना
स्थित जिला भाजपा कार्यालय में महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने विज्ञान भवन से प्रसारित
लाइव कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम में महिलाओं ने विधेयक के समर्थन में हस्ताक्षर किए
और राजनीतिक भागीदारी बढ़ने पर खुशी जताई। जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने कहा कि यह
पहल महिलाओं की भागीदारी को नया आयाम देगी। कार्यक्रम में अनेक महिला कार्यकर्ता उपस्थित
रहीं और अधिनियम के समर्थन में उत्साह व्यक्त किया। महिलाओं ने विधेयक के पक्ष में
हस्ताक्षर भी किए। इस मौके पर मीना नरवाल, सरपंच सविता, सरपंच कृष्णा, डॉ.निशा सांगवान,
प्रसन्नी, सोनिया सैन, नीलम, किरण सैनी, सज्जनकौर, बाला सैनी, नरेश देवी, बबली पार्षद,
अंजू राजोरा, भगवती, शशि खन्ना आदि उपस्थित रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

