सोनीपत: नशामुक्त भारत के संकल्प से जुड़े विद्यार्थी, प्रधानमंत्री ने दिलाई शपथ

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: नशामुक्त भारत के संकल्प से जुड़े विद्यार्थी, प्रधानमंत्री ने दिलाई शपथ


सोनीपत, 02 अगस्त (हि.स.)। नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत

रविवार काे आयोजित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

के माध्यम से रविवार को देशभर के अट्ठाईस हजार से अधिक स्थानों पर जुड़े एक करोड़ से

अधिक विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त जीवन ही स्वस्थ, सशक्त

और विकसित भारत की मजबूत नींव है। युवाओं से शिक्षा, खेल और राष्ट्र निर्माण में अपनी

ऊर्जा लगाने का आह्वान करते हुए उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त रहने की शपथ

दिलाई।

इस अभियान

के लिए हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई को सोनीपत जिले का केंद्र बनाया गया। विश्वविद्यालय

के सभागार में हरियाणा खेल विश्वविद्यालय और मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के छात्र-छात्राएं

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। इस दौरान सभी विद्यार्थियों

ने सामूहिक रूप से नशामुक्त रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम

में राई विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत विधायक निखिल मदान तथा मुख्यमंत्री के ओएसडी

वीरेन्द्र सिंह बड़खालसा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ शपथ लेते हुए

कहा कि नशे से दूर रहकर ही युवा अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने

खेल, शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाने पर जोर दिया।

वीरेन्द्र

सिंह बड़खालसा ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार, समाज और देश के भविष्य को

भी प्रभावित करता है। वहीं निखिल मदान ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा देश की सबसे बड़ी

ताकत है और हर युवा को स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी इस अभियान से जोड़ना चाहिए। हरियाणा

खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों का अवैध कारोबार आतंकवाद

को आर्थिक सहायता पहुंचाने का एक प्रमुख माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री

के नशामुक्त भारत और विकसित भारत के संकल्प को सफल बनाने में युवाओं की भागीदारी सबसे

महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय और विद्यालय के अधिकारी, संकाय सदस्य,

कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने समाज के हर वर्ग तक नशामुक्ति

का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story