सोनीपत: ग्राहक बनकर आए बदमाशों ने ज्वैलरी शाॅप से चांदी लूटी, एक काबू
सोनीपत, 01 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
के खरखौदा स्थित पुराना रोहतक रोड पर रत्न सिंह मार्केट में शनिवार सुबह ग्राहक बनकर
आए तीन बदमाशों ने एक ज्वेलर्स की दुकान पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने
चांदी के आभूषण खरीदने का बहाना बनाकर पहले कारीगर को बातचीत में उलझाया और फिर उसकी
आंखों में मिर्च पाउडर डालकर करीब पचास हजार रुपये के चांदी के आभूषण लेकर फरार हो
गए। स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भाग निकले।
जानकारी
के अनुसार, सावरिया ज्वेलर्स पर कार्यरत कारीगर भोला ने बताया कि सुबह
सफेद रंग की स्विफ्ट कार में तीन युवक दुकान पर पहुंचे। दो युवक दुकान के भीतर आए,
जबकि तीसरा कार में बैठा रहा। दोनों युवकों ने चांदी की चेन, ब्रेसलेट और अन्य आभूषण
दिखाने के लिए कहा। काफी देर तक आभूषण देखने के बाद उन्होंने फोटो लेने और भुगतान की
बात कहकर भरोसा बनाया। एक युवक ने यह भी कहा कि उसकी बुआ रुपये लेकर आने वाली है ।
इसी
दौरान जब कारीगर आभूषणों का हिसाब लिख रहा था, तभी एक युवक ने उसकी आंखों में मिर्च
पाउडर डाल दिया। दूसरे युवक ने ट्रे में रखी तीन चांदी की चेन, एक ब्रेसलेट और दो लॉकेट
उठाए और बाहर खड़ी कार की ओर भाग गया। कारीगर के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और
लोग मौके पर पहुंचे। पीछा कर एक आरोपी जागसी निवासी पवन को पकड़ लिया गया और पुलिस
के हवाले कर दिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
दुकान
संचालक शिव सम्राट ने बताया कि घटना के समय वह दुकान पर नहीं थे, लेकिन मोबाइल पर दुकान
के सीसीटीवी देख रहे थे। उन्होंने कारीगर की आंखों में मिर्च पाउडर डालते हुए देखा
और सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया
गया।
खरखौदा
थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए
हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि
पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार
पर मामले की जांच जारी है तथा सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई
की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

