सोनीपत:शादी से इनकार पर युवती के अपहरण का प्रयास

WhatsApp Channel Join Now

सोनीपत, 30 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत

के गन्नौर क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने साथियों के साथ युवती के घर

में घुसकर अपहरण की कोशिश की। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार आरोपी पहले सोशल मीडिया

के जरिए युवती के संपर्क में आया और बाद में शादी का दबाव बनाने लगा। परिवार ने रिश्ता

ठुकराया तो 28-29 अप्रैल की आधी रात आरोपी गौरव साथियों के साथ गाड़ी में सवार होकर

घर पहुंचा।

आरोप

है कि उसने गाड़ी से मुख्य दरवाजे को टक्कर मारकर तोड़ दिया और हथियार दिखाते हुए अंदर

घुसने की कोशिश की। आरोपी ने युवती को जबरन साथ ले जाने का प्रयास किया और परिवार को

जान से मारने की धमकी दी, जिससे घर में अफरातफरी मच गई। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी

कैमरों में कैद हो गई, जो पुलिस के लिए अहम सबूत मानी जा रही है। घटना के बाद परिवार

के एक सदस्य की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें अस्पताल ले जाते समय जीटी करनाल रोड पर आरोपियों

ने फिर गाड़ी रोककर रास्ता घेरने की कोशिश की। सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके

पर पहुंची, लेकिन आरोपी गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए। शिकायत में बताया गया कि आरोपी

पहले भी कई बार घर के आसपास घूमता देखा गया था, जिससे घटना की साजिश पहले से रची हुई

लगती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी

है। पीड़ित परिवार ने सुरक्षा की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story