सिरसा: हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत
सिरसा, 03 मई (हि.स.)। जिलेे क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली व मोटरसाइकिल की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। राहगीरों ने घायल युवक को उपचार के लिए डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। हालत गंभीर होने उसे बठिंडा रेफर कर दिया जहां उसकी मौत हो गई। गांव शेरगढ़ निवासी नवीन रविवार को बाइक पर सवार होकर डबवाली की तरफ जा रहा था। गांव से निकालते ही ट्रैक्टर ट्रॉली से उसकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने उसे डबवाली अस्पताल में पहुंचाया जहां हालात गंभीर होने पर उसे बठिंडा रेफर कर दिया जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नवीन मोबाइल सिम प्रमोटर का काम करता था और सुबह काम के लिए घर से निकला था। डबवाली के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने टै्रक्टर ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नीलगाय को नोचते रहे कुत्ते, मंडी प्रशासन ने नहीं ली सुध
डबवाली की उप तहसील गोरीवाला की अनाज मंडी में एक नीलगाय की मौत हो गई। नीलगाय के शव को कुत्ते नोचते रहे, लेकिन सूचना के बावजूद मंडी प्रशासन व वन्य जीव विभाग ने कोई सुध नहीं ली। लोगों ने नाराजगी जताई जिसके बाद प्रशासन जागा और नीलगाय के शव को मिट्टी में दबाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार सुबह मंडी में एक नील गाय मृत पड़ी थी। उन्होंने इसकी सूचना मंडी प्रशासन व वन्य जीव विभाग को दी, लेकिन मौके पर कोई भी नहीं पहुंचा, जिससे मंडी में आए किसानों व मजदूरों को काफी परेशानी हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

