सिरसा: नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार व समाज को खोखला कर देता है: एसपी
सिरसा, 18 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और खेल व शिक्षा के क्षेत्र में अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ें। नशा मुक्त समाज का सपना तभी साकार हो सकता है जब इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित हो। एसपी दीपक सहारण शनिवार को सिरसा जिले के रानियां में साइक्लोथॉन रैली को हरी झंडी दिखाने के बाद उपस्थित युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यदि किसी के आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे छोडऩे के लिए प्रेरित करना समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है। सिरसा पुलिस प्रशासन नशे के आदी युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसके लिए हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। एसपी ने साइक्लोथॉन में भाग लेने वाले युवाओं को बब्बर शेर की संज्ञा देते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि युवा शक्ति जागरूक हो जाए तो वह दिन दूर नहीं जब समाज पूर्ण रूप से नशा मुक्त होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि सिरसा पुलिस द्वारा अब तक 172 गांवों तथा ऐलनाबाद, सिरसा और रानियां के 12 वार्डों को नशा मुक्ति का संदेश दे चुकी है। उन्होंने अन्य गांवों के सरपंचों और ग्रामीणों से भी अपील की कि वे इन गांवों को रोल मॉडल मानते हुए अपने क्षेत्रों को नशा मुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
यह साइक्लोथॉन रैली रानियां थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीवन नगर स्थित सतगुरु प्रताप सिंह स्टेडियम से शुरू होकर संत नगर, जगजीत नगर दमदमा, धर्मपुर, संतोखपुरा, हार्निया, हर्निया खुर्द तथा अमृतसर खुह जैसे कुल 9 गांवों से गुजरते हुए लगभग 20 किलोमीटर का सफर तय कर गुरुदेव इंडोर स्टेडियम संत नगर में संपन्न हुई। इस अवसर पर युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया और नशा मुक्त सिरसा के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। इस साइक्लोथॉन रैली में डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई, ऐलनाबाद थाना प्रभारी प्रगट सिंह, रानियां थाना प्रभारी मनिंदर सिंह सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

