सिरसा: किसान विरोधी फैसलों पर सरकार का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: किसान विरोधी फैसलों पर सरकार का पुतला फूंका


सिरसा, 04 अक्टूबर (हि.स.)। किसान विरोधी फसलों को लेकर रविवार को किसानों ने जिले की रोड़ी अनाज मंडी में रविवार को रोष प्रदर्शन कर हरियाणा सरकार का पुतला फूंका। किसान नेता लखविंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान एकता के सदस्य रोड़ी अनाज मंडी में एकत्रित हुए और रोष जाहिर किया।

लखविंद्र सिंह ने बताया कि राज्य भर की अनाज मंडियों में धान खरीद में हो रही देरी, जिलेवार लगाई गई खरीद लिमिट (कैपिंग), फसल पंजीकरण और वेरिफिकेशन की जटिल प्रक्रियाओं से किसान बुरी तरह परेशान हैं। किसानों की मांग है कि फसल कटाई के लिए कंबाइन का समय तय करने और जिलेवार धान खरीद पर लगाई गई लिमिट/कैप को तुरंत रद्द किया जाए। 21 से 27 सितंबर तक खोले गए पोर्टल पर जिन किसानों ने आवेदन किए हैं, उनका पंजीकरण और वेरिफिकेशन तुरंत प्रभाव से पूरा किया जाए, ताकि वे अपनी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेच सकें। रोड़ी मंडी में 27 सितंबर से किसानों की 2300 क्विंटल धान पड़ी है, लेकिन अभी तक सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है, जिससे फसलों के चोरी होने का खतरा बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि किसानों को आ रही समस्याओं को लेकर डीएमई ने आश्वासन दिया कि राइस मिलरों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सोमवार से खरीद शुरू कर दी जाएगी। किसानों ने मांग रखी कि सभी मंडियों व फोकल पॉइंटों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएं, जिन पर फसल खरीद खर्च व मजदूरी अंकित हो, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही किसानों ने चेतावनी देते हुए कि यदि सरकार ने किसान विरोधी फैसले वापस नहीं लिए तो किसान व मजदूर सडक़ों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story