साेनीपत: खेत में तेंदुए ने किया किसान पर हमला,हालत गंभीर
सोनीपत, 21 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
के गांव नांदनौर में खेत पर गए एक बुजुर्ग किसान पर तेंदुए ने मंगलवार को हमला कर दिया।
हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया
है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश
में जुटी है।
परिजनों
के अनुसार किसान धर्मपाल रोज की तरह खेत के लिए निकले थे। खेत में पहुंचते
ही अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।
तेंदुए ने गर्दन, कमर, छाती और बाजू समेत शरीर के कई हिस्सों पर हमला किया, जिससे वे
गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हालत में उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर
पहुंचे। भीड़ काे देखकर तेंदुआ मौके से भाग गया।
घटना
की सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
वन विभाग और वाइल्डलाइफ टीम को भी बुलाया गया, जिसके बाद संयुक्त खोज अभियान शुरू किया
गया। मौके पर एक पेड़ के नीचे मिले निशानों और फुट मार्क से पुष्टि हुई कि हमला तेंदुए
ने ही किया है। करीब 25 सदस्यीय टीम आसपास के गांवों और यमुना नदी के किनारे तक तेंदुए
की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। तेंदुए को पकड़ने के लिए
इलाके में पिंजरे लगाए गए हैं।
वन विभाग
ने ग्रामीणों को सुबह और रात के समय अकेले खेतों में नहीं जाने की चेतावनी दी है। लोगों
से तीन-चार के समूह में खेत जाने और शोर करते हुए निकलने की अपील की गई है। गांव में
मुनादी कराकर सभी को सतर्क किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

