शिक्षा ही बदलेगी घुमंतू समाज का भाग्य, बच्चों को जरूरी पढ़ाएं माता-पिता : नायब सिंह सैनी

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा ही बदलेगी घुमंतू समाज का भाग्य, बच्चों को जरूरी पढ़ाएं माता-पिता : नायब सिंह सैनी


शिक्षा ही बदलेगी घुमंतू समाज का भाग्य, बच्चों को जरूरी पढ़ाएं माता-पिता : नायब सिंह सैनी


चंडीगढ़, 30 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विमुक्त एवं घुमंतू समाज का इतिहास बहुत पुराना, गौरवशाली और प्रेरणादायक है। कठिन से कठिन हालात में भी इस समाज के लोगों ने अपनी अटूट मेहनत, समृद्ध कला, अनुपम संस्कृति और अपने स्वाभिमान को सदैव जीवित रखा है।

जब भी हम भारत के इतिहास और इसके स्वर्णिम अतीत को देखते हैं, तो विमुक्त और घुमंतू समाज के शूरवीरों और महापुरुषों का योगदान स्वर्ण अक्षरों में चमकता दिखाई देता है। भाई मक्खन शाह लबाना जी, जिन्होंने सच्चे गुरु की पहचान कराकर पूरी दुनिया को सही मार्ग दिखाया। भाई लखी शाह बंजारा जी एवं भाई निगाहिया जी, जिन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के पावन शरीर का अपने घर में अंतिम संस्कार कर अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। योद्धा भाई जैता जी, जो कि चांदनी चौक से गुरु साहिब का पावन शीश आनंदपुर साहिब पहुंचाकर 'गुरु का बेटा' कहलाए।

मुख्यमंत्री रविवार को अपने चंडीगढ़ स्थित आवास संत कबीर कुटीर में आयोजित हरियाणा व पंजाब की समस्त घुमंतू जातिय़ों के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिकलीगर व बंजारा समाज के हुनरमंद वीरों ने मुगलों के खिलाफ युद्ध में अचूक अस्त्र-शस्त्र बनाकर खालसा फौज को ताकत दी। भामाशाह और बंजारा समाज के नायक, जिन्होंने महाराणा प्रताप के स्वाभिमान संग्राम में रसद-सामग्री पहुंचाकर देश की रक्षा की। ये सभी हमारे राष्ट्र के असली हीरो हैं।

पीएम आवास योजना के तहत हरियाणा में 1.60 लाख परिवारों को पक्के मकान दिए गए। करनाल, पलवल और रोहतक में 702 घुमंतू परिवारों को प्लॉट आवंटित किए गए हैं, जो उनके सुरक्षित भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत मकान मरम्मत सहायता राशि 30,000 रुपये से बढ़ाकर 80,000 रुपये की गई, जिससे 85,815 परिवारों को 416 करोड़ रुपये की मदद मिली।

उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को मात्र 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे 15 लाख से अधिक बहनों को लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत बेटियों के विवाह हेतु 3.85 लाख परिवारों को 1,523 करोड़ रुपये की शगुन राशि दी गई है।

मुख्यमंत्री ने घुमंतू समाज के प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, वे बच्चों को जरूर पढ़ाइए। शिक्षा ही वह ताकत है जो आने वाली पीढ़ियों का भाग्य बदल सकती है। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह देसुजोदा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय डीएनटी कल्याण संगठन, सतनाम सिंह संधू, हरियाणा के चेयरमैन व हरियाणा घुमंतू जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन सरदार जसमेर सिंह बंजारा, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा व अन्य गणमान्य लोगू मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story