शिक्षक की भूमिका में आई कैथल की उपायुक्त,डीईओ को दिए सुधार के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक की भूमिका में आई कैथल की उपायुक्त,डीईओ को दिए सुधार के निर्देश


कैथल, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिला उपायुक्त अपराजिता ने बुधवार को गांव फ्रांसवाला स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय का दौरा कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को स्कूल में सुधार से जुड़े सुझावों पर प्राथमिकता से काम करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान डीसी ने पारंपरिक प्रशासनिक भूमिका से आगे बढ़ते हुए शिक्षक की भूमिका निभाई और बच्चों के साथ जॉयफुल एक्टिविटी में भाग लिया। उन्होंने कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक तरीके से विज्ञान पढ़ाया। पानी से भरी बाल्टी में विभिन्न वस्तुएं डालकर उन्होंने बच्चों को घनत्व और आयतन का सिद्धांत समझाया। इस प्रयोग के जरिए बच्चों ने जाना कि कौन-सी वस्तुएं पानी में तैरती हैं और कौन-सी डूब जाती हैं।

डीसी ने कहा कि पढ़ाई को रोचक बनाने के लिए स्टोरी क्रिएशन, क्ले मॉडलिंग जैसी गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। इससे बच्चों की रचनात्मकता बढ़ती है और सीखने की प्रक्रिया आसान होती है।

इस दौरान डीसी ने विद्यार्थियों की एक स्कूल प्रबंधन समिति का गठन भी किया और उनसे स्कूल के विकास को लेकर सुझाव मांगे। बच्चों ने खुलकर अपनी समस्याएं और जरूरतें साझा कीं। इनमें स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगाने, बेंचों की मरम्मत, पंखों की गति सुधारने और हिंदी शिक्षक के खाली पद को भरने की मांग शामिल रही।

डीसी अपराजिता ने कहा कि बच्चों के सुझाव सबसे ईमानदार होते हैं और स्कूल के विकास में उनकी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने मौके पर ही डीईओ को निर्देश दिए कि जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए, जबकि अन्य कार्यों के लिए प्रक्रिया शुरू की जाए। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार, डीआईपीआरओ नसीब सैनी, उप जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा, एआईपीआरओ अमित कौशिक, जिला विज्ञान विशेषज्ञ छत्रपाल और अधीक्षक सुरेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story