विधानसभा के विशेष सत्र में 60 वर्षों की विकास यात्रा पर हुआ मंथन

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा के विशेष सत्र में 60 वर्षों की विकास यात्रा पर हुआ मंथन


राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेशहित में काम करने का आह्वान

संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

विशेषज्ञ बोले नागरिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना जरूरी

चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान गुरुवार को 60 वर्षों की विकास यात्रा से मिली उपलब्धियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई। संविधान दिवस पर हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र में यही संदेश उभरकर सामने आया। सदन में इस बात पर जोर दिया गया कि संविधान में नागरिकों को दिए गए अधिकारों के साथ उनके मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ानी होगी। जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश के भविष्य और विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करनी चाहिए।

हरियाणा विधानसभा की ओर से गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष सत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, विधानसभा उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिढा सहित अधिकतर मंत्री और विधायक शामिल हुए। सत्र का मुख्य विषय हरियाणा की 60 वर्षों की विकास यात्रा तथा विकसित हरियाणा के लक्ष्य में जनभागीदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका रहा।

विधानसभा परिसर के सेरेमोनियल गेट के निकट आयोजित विशेष कार्यक्रम में पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के प्रोफेसर डा. दिनेश कुमार ने संविधान के महत्व और उसकी मूल भावना पर व्याख्यान दिया। इस दौरान संविधान के लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित डाक्यूमेंट्री दिखाई गई। विधानसभा अध्यक्ष ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया, जिसे मुख्यमंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने दोहराया।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि संविधान भारत की सबसे बड़ी ताकत है। अनेक चुनौतियों के बावजूद इसी ने देश को एकजुट रखते हुए प्रगति का रास्ता दिखाया है। संविधान दिवस हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करने का अवसर देता है। प्रो. डा. दिनेश कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान कोई स्थिर दस्तावेज नहीं, बल्कि समय के साथ देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों को दिशा देने वाला जीवंत दस्तावेज है। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन अब मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की भी जरूरत है।

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधानसभा उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिढा, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल डांडा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल समेत कई सदस्यों ने विधानसभा परिसर में डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783832 Articles

Share this story