यमुनानगर में सड़क हादसे में दो युवतियों की मौत, एक युवक घायल

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में सड़क हादसे में दो युवतियों की मौत, एक युवक घायल


यमुनानगर, 12 मई (हि.स.)। हरियाणा के यमुनानगर के छछरौली-पांवटा साहिब मार्ग पर मंगलवार सुबह सड़क हादसे में नवविवाहिता सहित दो युवतियों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा उस समय हुआ, जब तीनों एक बाइक पर सवार होकर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एक स्कूली बस की टक्कर से बाइक सड़क पर गिर गई। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया।

मृतकों की पहचान गंगानगर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय खुशबू और उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी 18 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है। घायल शिवकुमार का अस्पताल में उपचार जारी है।

खुशबू का विवाह 29 अप्रैल को शिवकुमार के साथ हुआ था। पूजा पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए यमुनानगर आई हुई थी और विवाह के बाद से परिवार के साथ ही रह रही थी। खुशबू और पूजा बस की चपेट में आ गईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के समय बस में करीब 15 स्कूली बच्चे सवार थे।

मृतका खुशबू के ससुर रामदिया ने आरोप लगाया कि बस चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story