मुझे जान से मारने की धमकियां मिली,अभी भी खतरा:मासूम शर्मा

WhatsApp Channel Join Now

हरियाणवी गायक देहरादून विवाद पर फिर मांगी माफी

चंडीगढ़, 17 अप्रैल (हि.स.)। विवादों में घिरे हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक बोल पर छिड़े विवाद में फिर माफी मांगी है। साथ ही सफाई दी कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में हैं। शुक्रवार को चंडीगढ़ में अपनी नई फिल्म की प्रमोशन के लिए पहुंचे मासूम शर्मा ने कई मुद्दों पर बात की वहीं वह मीडिया के साथ भी उलझ गए।

उनके साथ बॉलीवुड अभिनेता यशपाल शर्मा, निर्देशक और लेखक रणजीत चौहान, महिला कलाकार निशा शर्मा भी रहीं। पत्रकारों ने उनसे जुड़े विवादों पर सवाल पूछे तो वह भडक़ गए। अमर्यादित भाषा पर घिरे मासूम ने हालांकि यह कहते हुए स्थिति को संभाला कि मैं अभी भी मानसिक दबाव में हूं, जिसकी वजह से ये हुआ है।

उन्होंने बताया कि मुझे फोन पर धमकी दी गई थी कि अपना और परिवार को 20-25 करोड़ रुपये का बीमा करा लो। साथ ही अमेरिका में चचेरे भाई को फोन पर धमकाया कि अपनी भारत वापसी के लिए टिकट कटा लो। धमकी देने वाला व्यक्ति मेरा जानकार है, लेकिन उसका नाम लेकर उसे स्टार नहीं बनाना चाहता। वह सरकार के मंच पर नजर आता रहा है और कई मौकों पर भाजपा का पटका डाले दिखता है। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भी मुझे वे लोग दिखाई दिए तो मैं तनाव में आ गया, जिसके बाद सारा विवाद हुआ। देवभूमि के लोगों को अगर अभी भी कोई गिला है, तो मैं फिर माफी मांगता हूं।

मासूम ने कहा कि उन्होंने राज्य महिला आयोग को जवाब भेज दिया है। जहां पर एफआइआर हुई है, वहां फिजिकली भी जाऊंगा। उन्होंने दोहराया कि धमकी के मामले में वह भी एफआइआर कराएंगे। यह सिर्फ ईगो का मामला है। उम्मीद है कि पुलिस जल्द कार्रवाई करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story