मानेसर में तीन दिन से लापता महिला का बाथरूम से शव बरामद
- तीन दिन से लापता थी 22 वर्षीय मधु
- पति और ससुराल पक्ष से पूछताछ में जुटी पुलिस
गुरुग्राम, 24 मई (हि.स.)। मानेसर थाना क्षेत्र में रविवार को एक निजी मकान के बाथरूम से 22 वर्षीय विवाहिता का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मधु के रूप में हुई है जो रेवाड़ी जिले के हांसाका गांव की रहने वाली थी। मधु की शादी करीब एक वर्ष पहले मानेसर निवासी अंकित भगत के साथ हुई थी और वह पति के साथ मानेसर में रह रही थी।
जानकारी के अनुसार मधु पिछले तीन दिनों से लापता थी। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। रविवार सुबह कासन खो रोड स्थित मकान के बंद बाथरूम से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने जब अंदर झांककर देखा तो महिला का शव पड़ा मिला। शव बुरी तरह सड़ चुका था और उसकी हालत बेहद खराब थी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर मानेसर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि महिला की मौत कई दिन पहले हुई थी और शव को छिपाने की नीयत से बाथरूम में रखा गया था।
पुलिस मृतका के पति और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और समय का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

