पानीपत में 12वीं का छात्र लापता,नहर किनारे मिली स्कूटी,बेग व रिवॉल्वर

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत में 12वीं का छात्र लापता,नहर किनारे मिली स्कूटी,बेग व रिवॉल्वर


पानीपत, 15 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के पानीपत के समालखा में नारायण से नामुंडा नहर के पुल के पास बुधवार सुबह एक स्कूटी, रिवॉल्वर और बैग मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह सामान समालखा के डेयरी संचालक अनिल के 16 वर्षीय बेटे का है, जो मंगलवार शाम से लापता है।

पुलिस के अनुसार, 12वीं के छात्र का मंगलवार शाम को ट्यूशन पर दूसरे लड़कों के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान उसने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से दो फायर भी किए। हालांकि, किसी को गोली नहीं लगी। शाम को यह मामला पुलिस चौकी में भी पहुंचा। यहां दोनों पक्षों के बीच फिर झगड़ा हुआ। इसके बाद लड़का गायब हो गया। आज सुबह उसकी स्कूटी समालखा में नारायण से नामुंडा नहर के पुल के पास खड़ी मिली। स्कूटी में चाबी भी लगी हुई थी। पास में ही रिवॉल्वर और उसका बैग रखा था। लड़के की नहर में कूदने की आशंका है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। नहर में लड़के की तलाश की जा रही है।

बुधवार सुबह सैर पर निकले एक राहगीर ने देखा कि नहर किनारे स्कूटी चालू खड़ी है। स्कूटी के पास ही एक बैग और रिवॉल्वर देख उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी, सूचना मिलते ही समालखा थाना प्रभारी दीपक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में सामने आया कि रिवॉल्वर से दो फायर हुए थे। बैग की तलाशी लेने पर उसमें 4 गोली बरामद हुई। बैग के अंदर 12वीं की मैथ की बुक, एक कॉपी, पेन और एक डिब्बी में बंद चश्मा मिला। चॉकलेट के खाली रैपर और स्कूटी की रिमोट वाली चाबी भी बरामद हुई।

जांच में सामने आया कि यह लाइसेंसी रिवॉलवर समालखा के रहने वाले डेयरी संचालक अनिल की है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को अनिल का 16 वर्षीय बेटा इस रिवॉल्वर को लेकर अपनी समालखा स्थित ट्यूशन पर गया था। वहां उसका दो लड़कों के साथ झगड़ा हुआ डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि बुधवार सुबह समलाखा थाने में सूचना आई थी कि बच्चा गायब है। उसकी स्कूल और सामान नहर किनारे मिला है। नहर में गोताखोर सर्च ऑपरेशन चलाए हुए हैं। वह अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर निकला था। ट्यूशन पर हुए झगड़े के मामले की भी साथ में जांच की जा रही है। अनिल ने बेटे की गुमशुदगी की शिकायत समालखा थाने में दी है। अब शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story