पानीपत में युवक ने नशीला पदार्थ पिलाकर 23 वर्षीय विवाहिता से दुष्कर्म किया

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत में युवक ने नशीला पदार्थ पिलाकर 23 वर्षीय विवाहिता से दुष्कर्म किया


पानीपत, 18 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत में एक 23 वर्षीय विवाहिता के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी युवक पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

महिला की शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक उसका दूर का रिश्तेदार है। वह फोन पर उससे बातें करता था, जिसका पति ने विरोध किया। जब महिला ने बात करना बंद किया, तो आरोपी ने पुरानी कॉल रिकॉर्डिंग उसके पति को सुनाने की धमकी दी। रिकॉर्डिंग डिलीट करने के बहाने दिसंबर 2025 में आरोपी ने उसे सनौली के एक होटल में बुलाया।

शिकायत के अनुसार, होटल में आरोपी ने महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर उसे बार-बार सनौली और आसपास के क्षेत्रों में बुलाकर गलत काम करता रहा है। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने वीडियो डिलीट करने की जिद की, तो आरोपी उसे फरीदपुर के पास ले गया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए जबरदस्ती की। दो अप्रैल 2026 को आरोपी उसे अपने खेत में बने कोठे पर ले गया, जहां अश्लील वीडियो मांगने पर आरोपी ने उसे डंडों से बुरी तरह पीटा और जिंदगी तबाह करने की धमकी दी है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे जबरदस्ती पानीपत कोर्ट ले गया और वहां डरा-धमका कर कई कोरे कागजों पर उसके हस्ताक्षर करवा लिए ताकि वह कानूनी कार्रवाई न कर सके।

सनौली थाना के प्रभारी वेदपाल ने बताया कि महिला की शिकायत पर आज मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच भी शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story