पानीपत में दहेज प्रताड़ना के बाद विवाहिता को जहर पिलाने का मामला, पीड़िता की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत में दहेज प्रताड़ना के बाद विवाहिता को जहर पिलाने का मामला, पीड़िता की हालत गंभीर


पानीपत में दहेज प्रताड़ना के बाद विवाहिता को जहर पिलाने का मामला, पीड़िता की हालत गंभीर


पानीपत, 13 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के पानीपत जिले के गांव बुडशाम में दहेज प्रताड़ना के मामले में एक विवाहिता को कथित तौर पर जहर पिला दिया गया। पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इसराना के एनसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

समालखा पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 11 महीने पूर्व गांव बुडशाम के राहुल शर्मा के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति राहुल और उसके भाई और भाभी ने दहेज के लिए बेटी को मारना-पीटना शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि पंचायत बुलानी पड़ी। पंचायत के फैसले के बाद विवाहिता करीब छह महीने अपने मायके रही और अभी तीन दिन पहले ही वापस ससुराल लौटी थी। पिता ने बताया कि 12 अप्रैल की देर रात में उनकी बेटी का फोन आया, वह बुरी तरह रो रही थी और घबराई हुई थी। उसने कहा, पापा, ससुराल वाले मुझे जान से मारने का प्लान बना रहे हैं, मुझे बचा लो, मेरी जान को खतरा है। बेबस पिता कुछ समझ पाते या बेटी तक पहुंच पाते, उससे पहले ही अनहोनी हो गई।

बेटी की कॉल के ठीक 2 घंटे बाद, सुबह पिता के पास ससुराल पक्ष की ओर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनकी बेटी ने जहर पी लिया है (या उसे पिला दिया गया है)। बदहवास पिता तुरंत ससुराल पहुंचे और बेटी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एनसी मेडिकल कॉलेज, इसराना में भर्ती करवाया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पिता का सीधा आरोप है कि उसकी बेटी को जहर उसके पति राहुल, उसके भाई और भाभी ने मिलकर पिलाया है। उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष लगातार उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था और पंचायत के वादे के बावजूद, वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।

समालखा थाना पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि विवाहिता के बयान दर्ज करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story