पानीपत में आढ़तियों ने अनाज मंडी के गेट पर जड़ा ताला

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत में आढ़तियों ने अनाज मंडी के गेट पर जड़ा ताला


पानीपत, 15 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत में बुधवार को समालखा की नई अनाज मंडी में आढ़तियों ने अपनी मांगों को लेकर मंडी के दोनों गेटों पर ताला जड़ दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष प्रकट किया। मंडी का गेट बंद होते ही मंडी के बाहर ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी कतारें लग गईं।

आढ़ती एसोसिएशन के जिला प्रधान धर्मबीर मलिक ने बताया कि फसल का उठान न होने और बारदाने की कमी तथा गेहूं खरीद प्रक्रिया ठप होने के कारण आढ़ती परेशान थे। मंडी के एंट्री गेट बंद होने से मंडी परिसर के बाहर ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। आढ़ती एसोसिएशन समालखा के प्रधान बलजीत सिंह ने बताया कि मंडी में खरीद नहीं हो रही है, बारदाने की भारी कमी है और उठान न होने से अनाज रखने की जगह नहीं बची है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आज खरीद शुरू नहीं हुई तो कल भी ताला बंदी की जाएगी। उन्होंने मौसम खराब होने की आशंका जताते हुए कहा कि सारा अनाज बाहर पड़ा है और बारिश आने पर उसे रखने की जगह नहीं है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस, चौकी पुलिस, तहसीलदार और मार्केट कमेटी सचिव मौके पर पहुंचे। बाद में एसडीएम अमित कुमार ने आढ़तियों को समझा बुझाकर शांत किया उन्होंने आढ़तियों को आश्वासन दिया कि 12 अप्रैल तक जिन किसानों के गेट पास कटे हैं, उनकी खरीद आज ही की जाएगी। एसडीएम ने अन्य समस्याओं के समाधान का भी वादा किया। इसके बाद आढ़तियों ने मंडी के गेटों का ताला खोलकर कामकाज को सुचारू करवाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story