पानीपत: उपायुक्त का जिला सचिवालय में औचक निरीक्षण, लेटलतीफ कर्मचारियों को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: उपायुक्त का जिला सचिवालय में औचक निरीक्षण, लेटलतीफ कर्मचारियों को नोटिस


पानीपत, 18 जून (हि.स.)। पानीपत जिला सचिवालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने विभिन्न विभागों के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त ने जिला सचिवालय स्थित अधिकांश कार्यालयों में पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति रजिस्टरों की जांच की और ड्यूटी समय में अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों को रजिस्टर में अंडरलाइन कर संबंधित विभागाध्यक्षों से जवाब-तलब करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान उन अधिकारियों की अवकाश स्वीकृति से संबंधित अवकाश पत्र भी जांचे जो उस दिन कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति अथवा उचित कारण के कार्यालय से अनुपस्थित रहना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि सरकारी कार्यालयों का उद्देश्य आमजन को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्य वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ कार्यालय न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाते हैं बल्कि आम नागरिकों पर भी प्रशासन की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल एक नौकरी नहीं बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही और सेवा का दायित्व है। उन्होंने कहा, सरकारी कार्यालयों में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपनी समस्या के समाधान और अपेक्षा के साथ आता है। यदि अधिकारी और कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं होंगे तो जनता का समय भी व्यर्थ होगा और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story