पंचकूला के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें

WhatsApp Channel Join Now
पंचकूला के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें


मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

चंडीगढ़, 27 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों के एक साथ दर्शन कराने के लिए सुगम और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई है। इस दिशा में शुक्रवार को उन्होंने श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर, पंचकूला स्थित संस्कृत गुरुकुल से दो इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस सेवा श्री माता मनसा देवी मंदिर से शुरू होकर चंडी माता मंदिर और पिंजौर गार्डन होते हुए कालका स्थित श्री काली माता मंदिर तक संचालित होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य परिवहन के सेक्टर-5, पंचकूला स्थित नवीनीकृत बस टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला मां शक्ति की उपासना का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां की वादियों में मां के विभिन्न स्वरूपों का वास है,जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर शीश नवाने आते हैं। श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को इन प्रमुख धार्मिक स्थलों के एक साथ दर्शन करने में परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अलग-अलग स्थानों तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों पर निर्भरता और बार-बार परिवहन के साधन बदलने की परेशानी के कारण कई श्रद्धालु सभी मंदिरों के दर्शन नहीं कर पाते थे।

श्रद्धालुओं की इसी सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज दो प्रदूषण-मुक्त इलेक्ट्रिक बसों की सेवा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों बसें प्रतिदिन छह चक्कर लगाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष क्यूआर कोड भी जारी किया गया है, जिसे स्कैन करके श्रद्धालु अपने मोबाइल फोन पर बस की वास्तविक लोकेशन और समय-सारणी की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story