नशा तस्करों पर कैथल पुलिस का शिकंजा, आई-20 कार से 30 किलो डोडा पोस्त बरामद

WhatsApp Channel Join Now
नशा तस्करों पर कैथल पुलिस का शिकंजा, आई-20 कार से 30 किलो डोडा पोस्त बरामद


कैथल, 13 मई (हि.स.)। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए-1 पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आई-20 कार में डोडा पोस्त की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई जसबीर सिंह की टीम गश्त पर थी।

गश्त के दौरान टीम को गांव प्यौदा के पास प्यौदा-हरसौला चौक, नेशनल हाईवे-152 पर गुप्त सूचना मिली कि गांव चिंदर (जिला फतेहबाद) निवासी चंद्रपाल और गांव भोडिया (जिला हिसार) निवासी कपिल देव आई-20 कार में डोडा पोस्त लेकर कलायत से अंबाला की ओर जाएंगे।

सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत मौके पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद बताए गए नंबर की आई-20 कार वहां पहुंची। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया।

तलाशी के दौरान नायब तहसीलदार कलायत महेश कुमार की मौजूदगी में कार की डिग्गी से दो काले प्लास्टिक कट्टों में भरा 30 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तितरम में मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई कमलजीत सिंह द्वारा दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story