जींद : चमेला कॉलोनी में पुलिस ने चलाया सर्च अभियान

WhatsApp Channel Join Now
जींद : चमेला कॉलोनी में पुलिस ने चलाया सर्च अभियान


जींद, 14 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने शनिवार को नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नरवाना की चमेला कालोनी व्यापक सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक उपासना के निर्देश पर डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा की अगुवाई में चलाए गए इस अभियान में पुलिस के साथ बिजली विभाग, वन विभाग, डॉग स्क्वायड और नशा मुक्ति टीम ने भी भाग लिया। पुलिस टीमों ने नरवाना की चमेला कॉलोनी सहित अन्य संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर मकानों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।

अभियान में शहर थाना, सदर थाना, गढ़ी थाना, उचाना थाना, सीआईए नरवाना, डिटेक्टिव स्टाफ जींद और विभिन्न पुलिस चौकियों की टीमें शामिल रही। टीमों ने सुबह होने से पहले ही कॉलोनी में पहुंच कर संदिग्ध मकानों और नशे के कारोबार से जुड़े संभावित ठिकानों की तलाशी शुरू कर दी। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक कार, दो मोटरसाइकिल, एक एसी, फ्रिज, कूलर, पंखा, गैस सिलेंडर, दो गैस चूल्हे सहित अन्य घरेलू सामान कब्जे में लिया। वहीं बिजली विभाग की टीम ने जांच के दौरान 18 मकानों में बिजली की अवैध सप्लाई पकड़ी। विभाग की ओर से संबंधित मकान मालिकों पर मौके पर ही करीब दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा वन विभाग की टीम ने नौ मकानों में अवैध रूप से रखी गई लकड़ी पकड़ी और नियमानुसार जुर्माना लगाया।

डीएसपी कमलदीप राणा ने बताया कि नरवाना की चमेला कॉलोनी सहित अन्य स्थानों से नशे से संबंधित शिकायतें मिलने के बाद संयुक्त अभियान चलाया गया। पुलिस नशा तस्करों और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले लोगों पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे की बिक्री या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story