गुरुग्राम: 2.06 लाख रुपये चालान नहीं भरने पर कैंटर जब्त
गुरुग्राम, 08 जून (हि.स.)। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने 90 दिनों से अधिक समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक कैंटर को इंपाउंड कर दिया। कैंटर पर कुल 2 लाख 6 हजार 500 रुपये की चालान राशि लंबित थी।
जानकारी के अनुसार यातायात निरीक्षक रामकिशन नेचेकिंग के दौरान एक कैंटर को रोककर जांच की। जांच में पाया गया कि कैंटर पर कुल 13 चालान लंबित हैं। इनमें अधिकांश चालान नो-एंट्री, डेंजरस ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित हैं। चालक वाहन के कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। तत्काल कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम यातायात पुलिस ने कैंटर को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करवा दिया। गुरुग्राम यातायात पुलिस लगातार ऐसे अभियान चला रही है, जिसमें 90 दिन से अधिक समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।साथ ही चालकों को लंबित चालानों की जानकारी देकर समय रहते भुगतान करने के लिए जागरुक भी किया जा रहा है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों और मालिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, इंश्योरेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जैसे सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण और वैध रखें। लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाकर सडक़ सुरक्षा में सहयोग दें।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

