गुरुग्राम: स्व-गणना 16 से शुरू होगी, खुद भर सकेंगे अपनी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: स्व-गणना 16 से शुरू होगी, खुद भर सकेंगे अपनी जानकारी


-जनगणना 2027 के लिए जन-जन का सहयोग जरूरी

-डिजिटल माध्यम से होगी पूरी जनगणना, व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा अभियान

गुरुग्राम, 08 अप्रैल (हि.स.)। जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की सुविधा की जानकारी गांव-गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकें।

उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से स्व-गणना के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां नागरिक पंजीकरण कर अपनी जानकारी स्वयं भर सकेंगे। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल प्रणाली पर आधारित होगी। जानकारी जमा करने के बाद नागरिकों को एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से एक यूनिक सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी मिलेगी, जिसके बाद गणना कर्मी मौके पर पहुंचकर केवल सत्यापन करेंगे।

डीसी ने जानकारी दी कि जनगणना दो चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में एक मई से 30 मई 2026 तक मकानों का सूचीकरण किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में नौ फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके अलावा 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प उपलब्ध रहेगा। जनगणना की ऑनलाइन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए निवासियों को आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। वहां मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद एक ओटीपी प्राप्त होगा जिसके जरिए लॉग इन किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि गणना कर्मियों के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो ऑफलाइन मोड में भी कार्य करेगा और नेटवर्क मिलने पर डाटा अपने आप अपडेट हो जाएगा, जिससे दूरदराज क्षेत्रों में भी काम सुचारू रूप से होगा। डीसी अजय कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे सभी प्रश्नों के सही और स्पष्ट उत्तर दें, क्योंकि यह कानूनी रूप से अनिवार्य है। डीसी ने बताया कि जिले में एनुमरेटर्स और सुपरवाइजर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 अप्रैल से शुरू हो चुके हैं। 6 से 8 अप्रैल तक 28 बैचों में प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। इसके बाद 9 से 11 अप्रैल, 15 से 17 अप्रैल और 20 से 22 अप्रैल तक भी विभिन्न स्थानों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि कुछ विभागाध्यक्षों से नई स्टाफ सूची मांगी गई थी, लेकिन अब तक यह सूची जमा नहीं कराई गई है। इस पर डीसी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए कि वे जल्द से जल्द अपनी स्टाफ सूची उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का काम आसानी से और बिना किसी परेशानी के पूरा हो सके। इस मौके पर एसडीएम हितेंद्र कुमार, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच, एसडीएम सोहना अखिलेश, डीआरओ विजय यादव, सहायक निदेशक गुरविंदर पाल सिंह और जिला नोडल अधिकारी देवेश बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story