गुरुग्राम: संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जागरूक समाज की भूमिका महत्वपूर्ण: कैप्टन अभिमन्यु

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जागरूक समाज की भूमिका महत्वपूर्ण: कैप्टन अभिमन्यु


-लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत की प्रबुद्ध जन गोष्ठी

गुरुग्राम, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत सोहना रोड स्थित जीएनएच कन्वेंशन सेंटर में शनिवार को प्रबुद्ध जन गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य वक्ता के रूप में हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने उपस्थित प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा, सुशासन एवं राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।

कैप्टन अभिमन्यु ने अपने संबोधन में लोकतांत्रिक व्यवस्था में जन-जागरूकता, सकारात्मक संवाद एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक नागरिकों, संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने में निहित होने पर जोर दिया। गोष्ठी के दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने, संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने, सुशासन को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-मंथन हुआ। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और समाज में सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। भाजपा गुरुग्राम के जिला मीडिया प्रभारी अजय दुआ ने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, जिला प्रभारी संदीप जोशी, पूर्व प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, कार्यक्रम संयोजक पार्षद कुदीप यादव, प्रदेश एनजीओ प्रकोष्ठ सयोंजक बोधराज सीकरी, वीटा डायरी चेयरमैन राम अवतार गर्ग, जिला महामंत्री अजीत यादव एवं मनीष सैदपुर, जिला मीडिया सह प्रभारी कृतिक जैन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों एवं भाजपा पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story