गुरुग्राम: वर्तमान समय भारतीय उद्योगों के लिए वैश्विक विस्तार का स्वर्णिम अवसर : जसविंदर गोगिया
पीएफटीआई की ऐतिहासिक पहल से उद्योग जगत के लिए खुलेंगे वैश्विक अवसर
गुरुग्राम, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय उद्योग जगत को वैश्विक मंच पर सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम उठाते हुए प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) ने कनाडा में व्यापार विस्तार एवं सहयोग के अवसर विषय पर एक उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान गुरुवार काे यह स्पष्ट संकेत दिया कि भारतीय उद्योग अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने विस्तार के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बैठक की शुरुआत पीएफटीआई के चेयरमैन दीपक मैनी एवं वाइस चेयरमैन डॉ. एस.पी. अग्रवाल ने मुख्य अतिथि एलीट ग्लोबल ग्रुप कनाडा जसविंदर गोगिया का आत्मीय स्वागत किया। इसके उपरांत पीएफटीआई डायरेक्टर डॉ. अंशुल धींगरा ने बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जसविंदर गोगिया चेयरमैन एलीट ग्लोबल ग्रुप कनाडा एवं कन्वीनर पीएफटीआई कनाडा ने अपने संबोधन में कनाडा के उभरते बाजार, बढ़ती मांग और भारतीय उद्यमियों के लिए उपलब्ध अपार अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय भारतीय उद्योगों के लिए वैश्विक विस्तार का स्वर्णिम अवसर है। जो उद्योगपति इस समय निर्णायक कदम उठाएंगे, वही भविष्य में अंतरराष्ट्रीय बाजार में नेतृत्व करेंगे। जसविंदर गोगिया ने पीएफटीआई चेयरमैन दीपक मैनी एवं डायरेक्टर डॉ. अंशुल धींगरा से आगामी समय में कनाडा के लिए एक रणनीतिक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल तैयार करने का आग्रह किया। पीएफटीआई के चेयरमैन दीपक मैनी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहल न केवल पीएफटीआई की सक्रियता और दूरदर्शिता को दर्शाती है, बल्कि भारतीय उद्योग जगत के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारो विशेष रूप से कनाडा में नए अवसरों के द्वार खोलने की दिशा में एक मजबूत और निर्णायक कदम साबित होगी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर कई सदस्य ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े, जबकि भौतिक रूप से उपस्थित प्रमुख गणमान्य सदस्यों में पी. के. गुप्ता अध्यक्ष, पीएफटीआई गुरुग्राम, कंवर पाल जून महासचिव, पायनियर इंडस्ट्रियल एरिया बिलासपुर, विनोद अग्रवाल संयुक्त सचिव, मानेसर इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन, जगत पाल सिंह स्ट्रेटेजिक एडवाइजर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, पीएफटीआई, कल्याणी सचान, देवर्षी सचान, भावना रहेजा, मनकिरत सिंह एवं गौतम जून प्रमुख रूप से शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

