गुरुग्राम: लिफ्ट में फंसने पर भड़के युवकों ने ऑपरेटर को पीटा, आंख फोड़ी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: लिफ्ट में फंसने पर भड़के युवकों ने ऑपरेटर को पीटा, आंख फोड़ी


छह युवकों ने लाठी डंडों से लिफ्ट ऑपरेटर को बेरहमी से पीटा

गुरुग्राम, 12 जून (हि.स.)। सेक्टर-93 स्थित सिग्नेचर ऑर्चर्ड सोसाइटी में लिफ्ट बंद होने के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि लिफ्ट में फंसे युवकों ने गुस्से में आकर लिफ्ट ऑपरेटर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी एक आंख की फुट गई। सेक्टर-93 चौकी प्रभारी प्रदीप ने बताया कि शुक्रवार को ऑपरेटर के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 9 जून को सोसाइटी के एल-टॉवर की लिफ्ट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। उस समय लिफ्ट में चंद्रशेखर, भारत, विवेक और संजय सहित चार युवक सवार थे। लिफ्ट करीब सात मिनट तक बंद रही, जिससे युवक अंदर फंसे रहे। कंट्रोल रूम को सूचना मिलने पर लिफ्ट ऑपरेटर गौरव को मौके पर भेजा गया। हालांकि उसके पहुंचने से पहले ही लिफ्ट स्वतः चालू होकर ग्राउंड फ्लोर पर आ गई और युवक सुरक्षित बाहर निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद युवक ऑपरेटर गौरव पर भड़क गए और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया और छह लोगों ने मिलकर गौरव को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और आंख से खून बहने लगा।

घायल गौरव को पहले सेक्टर-10 स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया। सोसाइटी की रखरखाव एजेंसी के कर्मचारी चंदन सिंह ने बताया कि डॉक्टरों को सर्जरी के दौरान गौरव की एक आंख निकालनी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि 9 जून को पुलिस चौकी में शिकायत देने के बावजूद अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story