गुरुग्राम: मानेसर निगम क्षेत्र में जलभराव रोकने को आयुक्त ने गठित की विशेष टीमें
-संयुक्त आयुक्त को सौंपी डिवीजनों की ओवरऑल जिम्मेदारी
-नगर निगम मानेसर ने क्षेत्र में संभावित जलभराव जगहों को चिन्हित किया
गुरुग्राम, 27 जून (हि.स.)। आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम मानेसर ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी है। आयुक्त प्रदीप सिंह की ओर से शनिवार को निगम क्षेत्र में संभावित जलभराव क्षेत्रों के लिए विशेष टीमें गठित की गई है। बरसाती नालों, नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई के लिए टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को निगम क्षेत्र में सघन सफाई अभियान चलाकर मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरूस्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने इस संबंध में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए है कि मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाए। उन्होंने इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का मौके पर जाकर निरीक्षण करने और जल निकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए है। दोनों डिवीजन के लिए संबंधित संयुक्त आयुक्तों को ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया है। संयुक्त आयुक्त अपने-अपने डिवीजन में सफाई, जल निकासी व्यवस्था और अधिकारियों की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा करेंगे।
आयुक्त ने कहा कि अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर सफाई कार्य की निगरानी करनी होगी। सोमवार से पहले अपने-अपने कार्यक्षेत्र में स्थित सभी प्रमुख ड्रेनों, बरसाती नालों तथा छोटी-बड़ी नालियों की सफाई सुनिश्चित कराई जाए। सफाई कार्य पूर्ण होने पर संबंधित अधिकारी प्रमाण पत्र आयुक्त कार्यालय में जमा करें, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि निर्धारित क्षेत्रों में कार्य समय पर और संतोषजनक ढंग से पूरा कर लिया गया है। एनएच-48 से वाया गांव खोह से कासन तक जेई साहिल सांगवान, गांव मानेसर में 44 फुट रोड़ पर दोनों तरफ जेई अजय गोरसी, गांव नैनवाल में फिरनी वाला नाला जेई विकास कुमार और उनके साथ एसडीओ शशिकांत को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गांव सिकंदरपुर बढ़ा में ओरिस सोसाइटी से सामने जेई अनदीप, गांव बढ़ा फिरनी पर जेई अजय कुमार, सिकंदरपुर फिरनी पर जेई दिपेश के साथ एसडीओ विकास शर्मा को जिम्मेदारी दी है। इसके अलावा गांव नवादा मुख्य सडक़ पर जेई दिगंबर, गांव नौरंगपुर से एनएसजी गेट तक जेई हितेश यादव, गांव ढ़ाणा में शिव मंदिर से सीएसआईएफ गेट तक जेई पवन के साथ एसडीओ अमन राठी शामिल है। गांव शिकोहपुर में कृषि विज्ञान केंद्र के पास जेई गुरमीत, गांव हयातपुर में जेई गौरव कुमार, गांव गढ़ी में स्वामी चौक से रेलवे स्टेशन तक जेई सुनील कुमार के साथ एसडीओ रविंद्र को जिम्मेदारी दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

