गुरुग्राम: प्रदूषण से बचाव को मानेसर नगर निगम सडक़ों पर करवा रहा ट्रीटेड पानी का छिडक़ाव

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: प्रदूषण से बचाव को मानेसर नगर निगम सडक़ों पर करवा रहा ट्रीटेड पानी का छिडक़ाव


-पांच ट्रक माउंटेड एंटी स्मॉग गन, दो ट्रेक्टर माउंटेड मशीन, नौ पानी के टैंकर लगाए

-सोमवार से नौ अतिरिक्त एंटी स्मॉग गन भी होंगी शामिल

गुरुग्राम, 23 अक्टूबर (हि.स.)। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप-1) के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम मानेसर ने लगातार धरातल पर काम करने का दावा किया है। कहा गया है कि निगम क्षेत्र में सडक़ों के किनारे जमा धूल मिट्टी को उडऩे से रोकने के लिए लगातार पानी का छिडक़ाव किया जा रहा है।

पानी छिडक़ाव के लिए वाटर स्प्रिंकलर, ट्रक माउंटेड एंटी स्मॉग गन मशीनों, ट्रेक्टर माउंटेड मशीनों और पानी के टैंकरों की मदद ली जा रही है। निगम की टीम सडक़ों पर धूल उडऩे की समस्या को कम करके वायु प्रदूषण नियंत्रण करने का काम कर रही है। नगर निगम की ओर से फिलहाल पांच ट्रक माउंटेड एंटी स्मॉग गन मशीनों, दो ट्रेक्टर माउंटेड मशीन और नौ पानी के टैंकरों के माध्यम से पानी का छिडक़ाव करवाया जा रहा है। इन संसाधनों की मदद से निगम क्षेत्र की सडक़ों पर ट्रीटेड पानी का छिडक़ाव किया जा रहा है। इसके अलावा सोमवार से नौ अतिरिक्त ट्रक माउंटेड एंटी स्मॉग गन मशीनों को निगम के बेड़े में शामिल किया जाएगा। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र में ग्रेप के नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा।

प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और सडक़ों पर ट्रीटेड पानी के छिडक़ाव का कार्य लगातार जारी है। इसके अलावा संयुक्त आयुक्त ने कहा कि निगम क्षेत्र में खुले में कूड़े डालने वालों, कूड़े में आग लगाने वाले लोगों पर कार्रवाई के लिए निगम कि ओर से विशेष टीमों का गठन किया गया है। ऐसा करते पकड़े जाने पर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765386 Articles

Share this story