गुरुग्राम: प्रदूषण फैलाने वालों पर 17 दिन में लगाया 45.82 लाख रुपये जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: प्रदूषण फैलाने वालों पर 17 दिन में लगाया 45.82 लाख रुपये जुर्माना


गुरुग्राम, 10 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम की प्रवर्तन टीमें प्रदूषण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इसी कड़ी में 24 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक 17 दिन में विभिन्न प्रकार के उल्लंघनों पर कुल 634 चालान जारी किए गए। चालान काटकर 45,82,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई शहर में स्वच्छता नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।

नगर निगम की प्रवर्तन टीमों ने प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग के मामलों में 177 चालान जारी किए। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के 88 और डस्ट मिटिगेशन नियमों की अवहेलना के 85 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा कूड़ेदान उपलब्ध नहीं होने पर 80 चालान किए गए। खुले में कचरा जलाने के 54 मामलों में कार्रवाई की गई, जबकि पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ भी 54 चालान जारी किए गए। निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के नियमों का उल्लंघन करने पर 22 तथा निर्माण कार्य बंद करने के आदेशों की अवहेलना करने पर 11 चालान किए गए। निगम की कार्रवाई में बिना ढके निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहन, अवैध रूप से कचरा डालने, स्टॉर्म वाटर ड्रेन में अवैध कनेक्शन, खुले में शौच, सेप्टेज संबंधी उल्लंघन और अन्य स्वच्छता नियमों के मामले भी शामिल रहे।

एमसीजी की ओर से दावा किया गया है कि सडक़ों को धूल मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नियमित रोड स्वीपिंग, प्रमुख सडक़ों पर पानी का छिडक़ाव, सडक़ किनारों पर जमा मिट्टी को हटाने और धूल नियंत्रण के अन्य उपायों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए एंटी-स्मॉग गन भी तैनात की गई हैं। इनके माध्यम से धूल कणों को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। निगम की टीमें सडक़ों और आसपास के क्षेत्रों की नियमित सफाई कर रही हैं, ताकि धूल के स्रोतों को कम किया जा सके और नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। धूल नियंत्रण अभियान की जमीनी स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी ने जोन-3 में डस्ट एक्शन प्लान के तहत चिन्हित सडक़ों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर धूल नियंत्रण के उपायों की स्थिति का जायजा लिया और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की।

---------------------------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774867 Articles

Share this story