गुरुग्राम: पोर्टल से होंगे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से लेकर परिवहन तक सभी भुगतान

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: पोर्टल से होंगे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से लेकर परिवहन तक सभी भुगतान


-गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने दिए ये आदेश

गुरुग्राम, 04 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम ने स्वच्छता कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और डिजिटल मॉनिटरिंग को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार अब ठोस कचरा प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) शाखा से जुड़े सभी स्वच्छता कार्यों का भुगतान केवल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (एसडब्ल्यूएम) पोर्टल के माध्यम से ही किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

निगमायुक्त के आदेश के अनुसार डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा परिवहन, सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट तथा एसडब्ल्यूएम शाखा के अंतर्गत आने वाले सभी स्वच्छता कार्यों से संबंधित भुगतान अब केवल एसडब्ल्यूएम पोर्टल के माध्यम से ही प्रोसेस किए जाएंगे। किसी भी परिस्थिति में पोर्टल के बाहर स्वच्छता कार्यों से संबंधित भुगतान की अनुशंसा, स्वीकृति अथवा जारी नहीं किया जाएगा। आदेश में अतिरिक्त निगमायुक्त-सह-क्लस्टर हेड को एसडब्ल्यूएम पोर्टल के माध्यम से सभी भुगतान करने के लिए अधिकृत किया गया है। संयुक्त आयुक्त, कार्यकारी अभियंता (एसबीएम), वरिष्ठ सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भुगतान प्रक्रिया शुरू करने से पहले सभी कार्य अभिलेख, मापन, अनुमोदन, कार्य पूर्णता की स्थिति, दंडात्मक कटौतियां तथा अन्य आवश्यक विवरण एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर पूरी तरह अपडेट करना सुनिश्चित करें।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मुख्य लेखा अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी स्वच्छता संबंधी भुगतान तब तक जारी न किया जाए, जब तक वह एसडब्ल्यूएम पोर्टल के माध्यम से विधिवत प्रोसेस और अनुमोदित न हो जाए। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देते हुए स्वच्छता व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। एसडब्ल्यूएम पोर्टल के माध्यम से भुगतान व्यवस्था लागू होने से प्रत्येक कार्य का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे कार्यों की प्रभावी निगरानी, गुणवत्ता का मूल्यांकन तथा वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आदेश का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करें। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story