गुरुग्राम: परिसीमन व महिला आरक्षण के संशोधित प्रस्तावों को मंजूरी का किया स्वागत
-परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण बिल सर्वसम्मति बनाने की भी अपील
गुरुग्राम, 28 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 27 नवंबर को आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन एवं महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधायी प्रस्तावों को मंजूरी दिए जाने का भाजपा गुरुग्राम के जिला अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने स्वागत किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी नारी शक्ति को नीति निर्माण एवं निर्णय प्रक्रिया में अधिक अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भाजपा प्रदेश सोशल मीडिया सह-संयोजक हिना शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण से जुड़े संशोधित प्रस्ताव को मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलना असंख्य माताओं और बेटियों की आकांक्षाओं को स्वर देने की पहल है। भाजपा महिला मोर्चा हरियाणा की प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मि अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि महिला आरक्षण देश की आधी आबादी के अधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अजय दुआ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा संशोधित प्रस्तावों को मंजूरी दिए जाने के बाद अब संसद में इन पर व्यापक चर्चा का अवसर मिलेगा।
विपक्ष से अपेक्षा है कि परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को सर्वसम्मति से पारित कराने में सहयोग करे। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ. विशिका यादव जैन ने कहा कि महिलाएं केवल मतदाता नहीं, बल्कि नीति निर्माता, निर्णयकर्ता और राष्ट्र निर्माण की नेतृत्वकर्ता भी बनें। नारी शक्ति की सक्रिय सहभागिता विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। गुरुग्राम भाजपा जिला प्रवक्ता सुशीला कटारिया ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा परिसीमन के संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी दिया जाना संतुलित संसदीय प्रतिनिधित्व की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

