गुरुग्राम नगर निगम का अवैध निर्माणों पर बड़ा एक्शन, कई निर्माण किए ध्वस्त

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम नगर निगम का अवैध निर्माणों पर बड़ा एक्शन, कई निर्माण किए ध्वस्त


-सदर बाजार, डीपीजी कॉलोनी, रेयान एनक्लेव सहित कई इलाकों में चला बुलडोजर

गुरुग्राम, 10 अगस्त (हि.स.)। अवैध एवं अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ नगर निगम गुरुग्राम ने सोमवार को पूर्व निर्धारित तैयारियों के तहत बड़े स्तर का अभियान शुरू किया। नगर निगम क्षेत्र के सभी आठ जोन में एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व प्रत्येक जोन में संयुक्त आयुक्त स्वयं कर रहे थे।

नगर निगम की टीम सदर बाजार, कृष्णा कॉलोनी, आयुध डिपो प्रतिबंधित क्षेत्र, डीपीजी कॉलोनी सेक्टर-34, रेयान एनक्लेव भोंडसी, टीकमपुर सहित शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध निर्माण और अतिक्रमण गिराने पहुंची। रेयान एन्क्लेव भोंडसी में अवैध निर्माणों पर नगर निगम का बुलडोजर चला। यह कार्रवाई संयुक्त आयुक्त रविंद्र मलिक के नेतृत्व में एई आशीष हुड्डा एवं उनकी टीम द्वारा की गई। डीपीजी कॉलोनी सेक्टर-34 में भी अवैध निर्माणों को गिराने की कार्रवाई संयुक्त आयुक्त सपना यादव के नेतृत्व में की गई। नगर निगम की टीम ने वहां भी अनाधिकृत निर्माणों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की। 900 मीटर क्षेत्र में ध्वस्तीकरण किया गया। अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट नईम हुसैन की मौजूदगी में निगम टीम द्वारा कार्रवाई की गई।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। सुनियोजित एवं व्यवस्थित गुरुग्राम बनाने के लिए टीम लगातार प्रयासरत है। नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले नगर निगम से आवश्यक अनुमति अवश्य लें, अन्यथा अवैध निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story