गुरुग्राम: डिजिटल पत्रकारिता में तथ्यात्मकता का स्तर गिर रहा: शीला भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: डिजिटल पत्रकारिता में तथ्यात्मकता का स्तर गिर रहा: शीला भट्ट


-गुरुग्राम विश्वविद्यालय में नेशनल मीडिया डायलॉग 2026

-सेक्टर-51 परिसर में गूंजा जिम्मेदार पत्रकारिता का संदेश

गुरुग्राम, 27 नवंबर (हि.स.)। गुरुग्राम विश्वविद्यालय के मीडिया स्टडीज विभाग द्वारा आयोजित नेशनल मीडिया डायलॉग 2026 का पांचवां संस्करण शुक्रवार को विश्वविद्यालय के सेक्टर-51 परिसर के ऑडिटोरियम में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। स्ट्रीट्स टू स्क्रीन्स लॉस्ट सैंक्टिटी एंड सेंसिटिविटी विषय पर केंद्रित इस राष्ट्रीय संवाद में देश के प्रमुख मीडिया विशेषज्ञों, वरिष्ठ पत्रकारों और शिक्षाविदें ने एक मंच पर आकर मीडिया की बदलती प्रकृति, संवेदनशीलता के ह्रास और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर गहन चर्चा की।मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता शीला भट्ट ने कहा कि आज की डिजिटल पत्रकारिता में गति और पहुंच तो बढ़ गई है, लेकिन संवेदनशीलता और तथ्यात्मकता का स्तर गिरता जा रहा है। उन्होंने पत्रकारिता में अपने लंबे अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे एक समय की गंभीर रिपोर्टिंग अब अक्सर सनसनी और क्लिकबैट का शिकार हो रही है। उन्होंने युवा पत्रकारों से अपील की कि वे अपनी कलम की गरिमा बनाए रखें और समाज की वास्तविक आवाज बनें। विशेष अतिथि एवं कीनोट स्पीकर प्रो. गोविंद सिंह ने अपने उद्बोधन में मीडिया की बदलती संरचना पर प्रकाश डाला। उत्तराखंड सरकार की मीडिया एडवाइजरी कमिटी के चेयरमैन और भारतीय जनसंचार संस्थान के पूर्व डीन के रूप में उन्होंने कहा कि सडक़ से स्क्रीन तक का सफर मीडिया को जनता के और करीब लाया है, लेकिन इसी प्रक्रिया में उसकी निष्पक्षता और नैतिकता भी चुनौती में पड़ गई है। तृप्ति श्रीवास्तव ने पांचजन्य के कंसल्टिंग एडिटर के रूप में वैकल्पिक और वैचारिक पत्रकारिता की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि मीडिया को समाज के विविध वर्गों की आवाज को जगह देनी चाहिए, लेकिन यह जगह संवेदनशीलता और तथ्यों की कीमत पर नहीं होनी चाहिए।

कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने अपने उद्बोधन में कहा कि मीडिया समाज का दर्पण होने के साथ-साथ उसकी दिशा निर्धारित करने वाला शक्तिशाली माध्यम भी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज जब सूचनाएं सडक़ों से निकलकर स्क्रीन तक पहुंच रही हैं, तब मीडिया की पवित्रता और संवेदनशीलता को बचाना और भी आवश्यक हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story