गुरुग्राम: जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली पर था सवार, उसी के नीचे कुचलकर हुई मौत

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली पर था सवार, उसी के नीचे कुचलकर हुई मौत


ट्रैक्टर से उछलकर नीचे गिर और ट्रॉली से कुचला गया

गुरुग्राम, 29 मार्च (हि.स.)। यहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली तले एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वह बुरी तरह से कुचला गया था। उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक रैफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आकर उसकी मौत हुई, उस ट्रैक्टर पर युवक सवार था। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर के गांव बंघौना निवासी दीपक के रूप में हुई है। गुरुग्राम में न्यू कालोनी थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने एक युवक को कुचल दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी पीजीआईएमएस रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक दीपक कुमार के भाई दिनेश कुमार को न्यू कालोनी पुलिस थाना की ओर से फोन पर उसके साथ भाई के एक्सीडेंट की जानकारी दी गई। बताया गया कि उसके 30 साल के भाई दीपक कुमार का एक्सीडेंट हो गया है। बाद में बताया गया कि दीपक की चोटों के कारण पीजीआईएमएस रोहतक में मौत हो गई। परिवार के सदस्य पुलिस के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शी राजेश ने बताया कि दीपक ट्रैक्टर पर बैठा आ रहा था। ट्रैक्टर तेज गति में था। जिस कारण वह उछल कर नीचे गिर गया और ट्राली से कुचला गया। राजेश ने राहगीरों की मदद से दीपक को टैंपो से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर किया गया, फिर पीजीआईएमएस रोहतक भेजा गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एसआई नरेश कुमार ने रविवार को बताया कि पुलिस ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story