गुरुग्राम: खाना बनाते समय फटा सिलेंडर, पांच घायल

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: खाना बनाते समय फटा सिलेंडर, पांच घायल


घायलावस्था में सभी श्रमिक दिल्ली एम्स में किए रेफर

गुरुग्राम के खेडक़ीमाजरा गांव की है घटना

गुरुग्राम, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव खेडक़ीमाजरा में एक कमरे में खाना बनाते समय पांच किलो का छोटू सिलेंडर फट गया। इस दौरान कमरे में मौजूद पांच श्रमिक झुलस गए। उन्हें यहां सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर अवस्था में सभी को यहां से दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया। धनकोट पुलिस चौकी इंचार्ज जगमाल के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से बिहार निवासी श्रमिक खेडक़ीमाजरा गांव में बिट्टू नामक व्यक्ति के मकान में किराये पर रहते हैं। शुक्रवार की रात करीब नौ बजे एक युवक आटा लेने के लिए गया। अन्य श्रमिक कमरे में छोटू सिलेंडर से खाना बना रहे थे। सिलेंडर से गैस लीक होने की वजह से सिलेंडर में आग लग गई। इससे पहले कि श्रमिक कुछ कर पाते, सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। पूरा कमरा आग की लपटों से घिर गया। कमरे में पांचों मजदूरों को भी आग लग गई। घटना की सूचना पाकर धनकोट पुलिस चौकी से पुलिस व एंबुलेंस लेकर कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत होने की वजह से पांचों को दिल्ली एम्स अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story