गुरुग्राम ः होम साईंराम इंडस्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान
गुरुग्राम, 31 मई (हि.स.)। हरियाणा के गुरुग्राम के मुसेदपुर-खुर्रमपुर गांव के पास स्थित होम साईंराम इंडस्ट्री में शनिवार की आधी रात को भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें और धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न फायर स्टेशनों से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की आधी रात के बाद मुसेदपुर-खुर्रमपुर गांव के पास स्थित होम साईंराम इंडस्ट्री में फैक्ट्री में आग लग गई। रात का समय होने के कारण शुरुआत में आग की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल था, लेकिन मौके पर पहुंची दमकल टीमों ने आग की तीव्रता को देखते हुए तुरंत अतिरिक्त सहायता की मांग की। पटौदी फायर स्टेशन के अलावा मानेसर, भीमनगर, सेक्टर-23 और सेक्टर-29 समेत कुल छह फायर स्टेशनों से दमकल वाहन घटनास्थल पर भेजे गए। स्थिति पर काबू पाने के लिए कुल आठ फायर टेंडरों को लगाया गया।
दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री को चारों ओर से घेरकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि रात के समय फैक्ट्री बंद होने और श्रमिकों के मौजूद नहीं होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
भीषण आग के चलते फैक्ट्री में रखा कीमती कच्चा माल, तैयार उत्पाद और मशीनरी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। आग से फैक्ट्री भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। नुकसान का सही आकलन अभी नहीं किया जा सका है।
फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह बुझने के बाद विस्तृत सर्च अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद ही आग लगने के कारणों और नुकसान की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। स्थानीय प्रशासन ने फैक्ट्री मालिक से सुरक्षा मानकों और एनओसी से संबंधित दस्तावेज भी मांगे हैं। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की गहन जांच में जुटे हैं।
----
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

