कैथल: हीट वेव से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: हीट वेव से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट


कैथल, 30 अप्रैल (हि.स.)।

बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। डीसी अपराजिता ने गुरुवार काे लघु सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्तर पर तैयारियां मजबूत रखें ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीसी ने कहा कि बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी विभागाध्यक्ष एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त कर उनके संपर्क विवरण प्रशासन को उपलब्ध करवाएं। साथ ही सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं से भी सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे स्कूलों को गोद लेकर उनकी छतों पर चूना व फेविकोल मिश्रण का लेप करवाने में मदद करें, जिससे तापमान में कमी लाई जा सके।

बैठक में स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, जन स्वास्थ्य और बिजली विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। डीसी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि एसडीएम द्वारा चिन्हित स्कूलों में हीट वेव से बचाव के कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं।

जन स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। वार्ड 11, 12, डिफेंस कॉलोनी और डोगरा गेट जैसे क्षेत्रों में सीवरेज व जलभराव की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

बिजली विभाग को गर्मी के दौरान निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और लोड प्रबंधन दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं फायर विभाग को आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा गया है।

डीसी ने आमजन से अपील की कि वे अत्यधिक गर्मी में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। बैठक में एडीसी सुशील कुमार, एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी रमेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रेणु चावला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story