कैथल: हरियाणा बजट 2026: कैथल को मिली बड़ी सौगातें, एमआरआई से लेकर बायोमास प्लांट तक कई घोषणाएं

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 02 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सोमवार को विधानसभा में पेश किए गए आम बजट में कैथल जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। स्वास्थ्य, खेल, ग्रामीण विकास और औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में किए गए इन ऐलानों से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

जिला मुख्यालय पर एमआरआई सुविधा

बजट में घोषणा की गई है कि प्रत्येक जिले में एमआरआई की सुविधा शुरू की जाएगी। इस फैसले से कैथल के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को निजी केंद्रों का रुख करना पड़ता था, जहां जांच पर 5000 से 5500 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। एमआरआई सुविधा शुरू होने से न केवल मरीजों का आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि गंभीर बीमारियों की समय पर जांच और उपचार भी संभव हो सकेगा। लंबे समय से जिले में इस सुविधा की मांग उठ रही थी।

धान की पराली पर आधारित बायोमास बिजली प्लांट

कैथल में धान की पराली पर आधारित बायोमास बिजली संयंत्र स्थापित करने की भी घोषणा की गई है। प्रस्तावित प्लांट की क्षमता 9.9 से 25 मेगावाट तक होगी।

इस परियोजना से कई स्तर पर लाभ मिलने की उम्मीद है

किसानों को पराली का उचित मूल्य मिलेगा, पराली जलाने की समस्या में कमी आएगी, पर्यावरण प्रदूषण कम होगा, जिले में बिजली उत्पादन बढ़ेगा। यह परियोजना कृषि प्रधान कैथल जिले के लिए विशेष महत्व रखती है, जहां हर साल पराली प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बन जाता है। धान कटाई के सीजन में जिले में फसल अवशेषाें काे जलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। बायाेमास बिजली प्लांट लगने से किसान पराली काे जलाने के बजाय इस प्लांट में देकर आमदनी कर सकेगा।

महाग्राम योजना के तहत विकास कार्य

बजट में महाग्राम योजना के अंतर्गत फरल, फतेहपुर और ढांड गांवों के विकास की घोषणा की गई है। इन गांवों में सीवरेज व्यवस्था बिछाई जाएगी, जिससे स्वच्छता और बुनियादी ढांचे में सुधार होगा। सीवरेज की सुविधा मिलने से जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

खिलाड़ियों के लिए सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक

मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि प्रत्येक जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। कैथल जिले में अभी तक ऐसा कोई ट्रैक नहीं है, जिसके कारण खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए अन्य जिलों का रुख करना पड़ता है। ट्रैक के निर्माण से जिले के लगभग एक हजार खिलाड़ियों को सीधा लाभ मिलेगा। एथलेटिक्स, दौड़ और अन्य ट्रैक एंड फील्ड खेलों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन सुधारने में मदद मिलेगी।

‘सक्षम’ फंड से औद्योगिक क्षेत्रों का पुनरोद्धार

राज्य सरकार ने पुराने औद्योगिक क्षेत्रों के पुनरोद्धार के लिए “सक्षम” नाम से 500 करोड़ रुपये का विशेष फंड स्थापित करने की घोषणा की है। इस फंड के माध्यम से कैथल सहित सोनीपत, हिसार, अंबाला, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, नीलोखेड़ी, बहादुरगढ़, बरवाला और पानीपत के औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा। कैथल के औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों, ड्रेनेज, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुधार से स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story