कैथल : सांसद नवीन जिंदल ने सड़कों की बदहाल स्थिति पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कैथल, 27 मार्च (हि.स.)। जिले में विकास कार्यों में देरी और लापरवाही पर सांसद नवीन जिंदल ने कड़ा रुख अपनाया है। लघु सचिवालय में शुक्रवार को आयोजित जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में देरी और गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें और फील्ड में जाकर योजनाओं की निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लंबित परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
सांसद ने जिले की सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कैथल-चीका रोड सहित कई प्रमुख मार्ग जर्जर हालत में हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पूंडरी से पाई, ढांड से कुरुक्षेत्र, फ्रांसवाला रोड, कैथल-सिसला धाम मार्ग और तितरम मोड़ से चौधरी छोटू राम चौक सहित कई सड़कों का मुद्दा बैठक में प्रमुखता से उठा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गड्ढों की जल्द मरम्मत करवाई जाए और जहां नई सड़कें बननी हैं, वहां शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाए।
बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। सांसद ने चीका स्टेडियम का निर्माण कार्य 31 मई तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांव क्योड़क में बन रहे लुवास के रीजनल सेंटर, राजौंद में सड़क निर्माण और एसटीपी प्लांट के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले की सभी लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
सांसद जिंदल ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि सड़कों के निर्माण में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाए, विशेषकर कंक्रीट सड़कों के लिए मशीनों का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि सड़कें टिकाऊ बनें और जल निकासी की समस्या भी कम हो। ठेकेदारों की जवाबदेही तय करते हुए उन्होंने कहा कि डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के दौरान सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी। लापरवाही बरतने पर ठेकेदार की बैंक गारंटी जब्त कर विभाग द्वारा कार्य पूरा करवाया जाएगा। बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने घग्गर नदी और अन्य नहरों व ड्रेनों की समय पर सफाई और डिसिल्टिंग के निर्देश दिए। उन्होंने इस प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिले के स्टेडियमों के कायाकल्प पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें और वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकें।
बैठक में पूंडरी विधायक सपताल जांबा और कलायत विधायक विकास सहारन ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं। इस अवसर पर डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह, एडीसी सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

