कैथल: सरकारी स्कूल के शिक्षकों ने बनाई मैथ पजल बुकलेट व ओलंपियाड पुस्तक, 21 शिक्षक सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: सरकारी स्कूल के शिक्षकों ने बनाई मैथ पजल बुकलेट व ओलंपियाड पुस्तक, 21 शिक्षक सम्मानित


कैथल, 23 अप्रैल (हि.स.)। विद्यार्थियों के लिए कठिन माने जाने वाले गणित विषय को सरल और रोचक बनाने की दिशा में कैथल के शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से मैथ पजल बुकलेट तैयार की गई है, जबकि इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड की पुस्तक भी तैयार की जा रही है।

गुरुवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने यह पुस्तकें डीसी अपराजिता को भेंट कीं। इस दौरान दोनों किताबों के निर्माण में योगदान देने वाले 21 शिक्षकों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीसी अपराजिता ने शिक्षकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों में गणित के प्रति डर को खत्म कर उन्हें विषय के प्रति प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि ये पुस्तकें जिले के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और शिक्षा क्षेत्र में नवाचार का उदाहरण प्रस्तुत करेंगी।

जिला गणित विशेषज्ञ छत्रपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मैथ पजल बुकलेट में कक्षा पहली से 12वीं तक के गणितीय सिद्धांतों को सुडोकू जैसे रोचक माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इससे विद्यार्थी खेल-खेल में गणित को समझ सकेंगे और खुद भी प्रश्न तैयार कर उनके समाधान खोज पाएंगे।

खास बात यह है कि यह सामग्री शिक्षकों द्वारा नि:शुल्क तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड की पुस्तक में 15 अध्याय शामिल होंगे, जिसमें कक्षा पहली से लेकर मास्टर्स स्तर तक का सिलेबस कवर किया जाएगा। इसमें ओलंपियाड के प्रश्नों के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित गणित भी शामिल रहेगा। यह पुस्तक जल्द ही बाजार में उपलब्ध करवाई जाएगी।

इसके अलावा जिला कैथल के प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड की कोचिंग भी शुरू की गई है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके। इस अवसर पर एडीसी सुशील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी दिव्यता मेहर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story