कैथल: समाधान शिविर में अफसरों की गैरहाजिरी पर डीसी सख्त, नोटिस जारी

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: समाधान शिविर में अफसरों की गैरहाजिरी पर डीसी सख्त, नोटिस जारी


कैथल, 23 जुलाई (हि.स.)। समाधान शिविर में अधिकारियों की अनुपस्थिति और देरी से पहुंचने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त अपराजिता ने गुरुवार को समाधान शिविर के दौरान 18 विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में डीसी ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर लोगों की समस्याओं का त्वरित निपटारा करने के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं, इसलिए अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ अपनी भूमिका निभाएं।

डीसी ने कहा कि यदि कोई शिकायत किसी अन्य विभाग से संबंधित हो तो संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर उसका समाधान करें, ताकि शिकायतकर्ता को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी एक्शन टेकन रिपोर्ट निर्धारित समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पोर्टल पर अपलोड करें। शिविर के दौरान शिक्षा, बिजली, पुलिस, राजस्व, विकास एवं पंचायत, जिला परिषद और परिवार पहचान पत्र (क्रिड) समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीसी ने समाधान शिविर में देरी से पहुंचने पर नगराधीश (सीटीएम) और जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अनुपस्थित रहने पर लोक निर्माण विभाग (मंडल-1 व मंडल-2), सिंचाई विभाग (कैथल व पूंडरी), हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, बिजली विभाग (कैथल व पूंडरी), सरस्वती हेरिटेज विकास बोर्ड, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, जिला खजाना कार्यालय, जिला नगर योजनाकार कार्यालय, जिला उच्च शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक, हैफेड के जिला प्रबंधक तथा डीएमईओ विभाग के अधिकारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story