कैथल: शराब के नशे में साधु की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 28 मई (हि.स.)। जिले के गांव धनौरी में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गांव कुराड निवासी सोनू ने शिकायत दी कि उसका मामा शमशेर बाबा का चाेला धारण कर गांव-गांव मांग कर अपना गुजारा करता था। 23-24 मई की दरमयानी रात शमशेर गांव धनौरी निवासी जगन्नाथ उर्फ जग्गन के साथ कमरे में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें जगन्नाथ ने शमशेर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत डायल-112 और एम्बुलेंस की मदद से उसे सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया। शमशेर की हालत गंभीर होने के चलते उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में थाना सदर में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
चौकी संगतपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जगन्नाथ को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

